होमउत्तराखंडनैनीताल में सीएम धामी ने सुनी जनता की समस्याएं, अधिकारियों को दिए...

नैनीताल में सीएम धामी ने सुनी जनता की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपने नैनीताल प्रवास के दौरान प्रशासनिक अकादमी नैनीताल में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आई जनता से मुलाकात की व उनकी समस्याएं सुनी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों की वास्तविक जरूरतों को समझना और उनके समाधान के लिए तत्काल कदम उठाना है। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत को संवेदनशीलता के साथ लेकर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम सौड़ से पहुंचे ग्रामीणों ने पंगोट देचौड़ी सड़क की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सड़क कई वर्षों से क्षेत्र की प्रमुख मांग थी और इसके निर्माण से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के अभाव में छात्रों, बुजुर्गों और मरीजों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा ताकि गांवों में विकास की गति तेज हो सके।

ग्रामीणों ने राजकीय इंटर कॉलेज सौड़ में शिक्षकों की तैनाती और विद्यालय भवन के निर्माण की भी मांग उठाई। उन्होंने बताया कि विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता न होने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिक्षा से जुड़ी समस्याओं पर त्वरित समाधान होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार के लिए लगातार कदम उठा रही है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि उनकी सरकार जनभागीदारी को सबसे ऊपर रखती है और आम जनता की राय ही नीतियों की दिशा तय करती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई जैसी सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार निरंतर योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे समय समय पर क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से संवाद बनाए रखें और जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।

इस जन संवाद कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों ने मुख्यमंत्री को अपने क्षेत्रों में हो रही समस्याओं और विकास कार्यों की स्थिति के बारे में अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि हर शिकायत पर कार्यवाही की जाएगी और सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में विधायक नैनीताल सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी सी सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Uttarakhand Government

Most Popular

Recent Comments