मंत्रिमंडल बैठक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज सचिवालय, देहरादून में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में राज्य सरकार ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति राज्य स्थापना की रजत जयंती (राज्योत्सव) के अवसर पर दिए गए मार्गदर्शन और प्रेरक संदेशों के लिए आभार व्यक्त किया।
हमारे संवाददाता बताते हैं कि मंत्रिमंडल ने अपने आभार प्रस्ताव में कहा कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संदेशों से उत्तराखंड राज्य को सतत विकास, लोक कल्याण और नवाचार के पथ पर आगे बढ़ाने की दिशा में नई ऊर्जा मिली है। मंत्रियों ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा दिए गए मार्गदर्शन से राज्य की प्रगति के प्रति विश्वास और भी सुदृढ़ हुआ है।
मंत्रिमंडल ने यह भी कहा कि राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन राज्य गठन के मूल उद्देश्यों की प्राप्ति तथा सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरकार ने यह संकल्प दोहराया कि वह उत्तराखंड के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।
हमारे संवाददाता जोड़ते हैं कि बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने रजत जयंती वर्ष से संबंधित योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की २५वीं वर्षगांठ राज्य की आत्मनिर्भरता, प्रगति और एकता के नए युग का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को सुशासन और सतत विकास का आदर्श राज्य बनाना है, जिसमें जनता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
मंत्रिमंडल ने प्रदेश के सभी सरकारी कर्मचारियों और नागरिकों से राज्य के विकास अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने और सरकार के साथ पूर्ण सहयोग करने का आह्वान किया। मंत्रिमंडल ने कहा कि सरकार और जनता के साझे प्रयासों से ही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सकेगा।
बैठक का समापन इस विश्वास के साथ किया गया कि राज्य स्थापना का यह रजत जयंती वर्ष प्रदेश में जनभागीदारी, नवाचार और सतत विकास की भावना को और सशक्त करेगा, जिससे आने वाले वर्षों में उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।






