होमउत्तराखंडदेहरादून नगर निगम दिवस पर सीएम धामी ने किया प्रमुख कार्यों का...

देहरादून नगर निगम दिवस पर सीएम धामी ने किया प्रमुख कार्यों का लोकार्पण

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून नगर निगम के २७वें स्थापना दिवस समारोह में प्रतिभाग करते हुए ४६ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और निगम कर्मियों ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पिछले २७ वर्षों में देहरादून नगर निगम ने नागरिक सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक शहरी प्रबंधन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम का स्थापना दिवस न केवल उपलब्धियों का उत्सव है, बल्कि भविष्य की चुनौतियों और विकास के संकल्पों को वास्तविकता में बदलने का अवसर भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश शहरी विकास की दिशा में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर रहा है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से शहरों में अभूतपूर्व सुधार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन ने देशभर के शहरों में सफाई की नई संस्कृति स्थापित की है। अमृत योजना के माध्यम से जल आपूर्ति, सीवरेज और हरित क्षेत्रों का विस्तार हुआ है। स्मार्ट सिटी मिशन ने शहरी विकास को नई दिशा दी है और देहरादून भी इन योजनाओं के माध्यम से तेजी से विकसित हो रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार देहरादून को एक आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को मजबूत किया गया है। इसके साथ ही स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन, खुले में शौच मुक्त अभियान और लीगेसी वेस्ट प्रबंधन जैसी योजनाओं ने शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून को एक आधुनिक स्वरूप देने के लिए राज्य सरकार १४०० करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। शहर में कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण किया गया है और कूड़ा वाहनों की रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया गया है। शहर में ३५ पार्कों का विकास भी किया गया है, जिससे एक हरित और स्वस्थ देहरादून का निर्माण हो रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केदारपुरम में योगा थीम पर आधारित शहर का सबसे बड़ा पार्क विकसित कर रही है। वीर बलिदानियों की स्मृति में विशेष स्मृति पार्कों का निर्माण किया जा रहा है और ५० हजार वर्ग मीटर से अधिक हरित क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। रिस्पना नदी को पुनर्जीवित करने के लिए ‘रीन्यू रिस्पना’ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ३० इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जा रही हैं और ११ स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं। देहरादून ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देशभर में १९वाँ स्थान प्राप्त किया और राष्ट्रीय स्वच्छता रैंकिंग में भी महत्वपूर्ण सुधार करते हुए ६२वाँ स्थान हासिल किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शहर में ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। कई स्थानों पर भूमिगत पार्किंग का निर्माण हो रहा है और रिस्पना तथा बिंदाल नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड बनाने की योजना तैयार की जा रही है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निगम कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि देहरादून को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने का प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने नगर निगम द्वारा किए गए विकास कार्यों का विवरण भी प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, नगर आयुक्त नमामि बंसल सहित कई अधिकारी और पार्षद उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Uttarakhand Government

Most Popular

Recent Comments