देहरादून: आंध्रप्रदेश के अन्नामय्या जिले के मदनपल्ली में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘अटल–मोदी सुशासन यात्रा’ में भाग लिया और विशाल जनसभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मशताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित होना उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और मानवीय मूल्यों का जीवंत उदाहरण रहा है। उन्होंने कहा कि अटल जी की विचारधारा आज भी देश को दिशा देने का कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में भारत ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल कीं। उन्होंने कहा कि पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से देश की सामरिक क्षमता को वैश्विक पहचान मिली। स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना ने राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क को नई मजबूती प्रदान की, जबकि ग्राम सड़क योजना से ग्रामीण भारत को मुख्यधारा से जोड़ा गया। दूरसंचार क्रांति ने देश में संचार के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन लाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में गठबंधन सरकार का सफल संचालन यह प्रमाणित करता है कि जब लक्ष्य राष्ट्रहित हो, तब विभिन्न राजनीतिक दल भी एकजुट होकर देश के लिए कार्य कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी ने राजनीति में संवाद, सहमति और समन्वय की संस्कृति को सुदृढ़ किया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसी योजनाओं के माध्यम से भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त रूप से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में भारत विश्व की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में शामिल हो रहा है। रक्षा, अंतरिक्ष और अवसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की गई हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश के लगभग ९९ प्रतिशत गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ा गया है। स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन के क्षेत्र में भी व्यापक सुधार देखने को मिले हैं।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि सनातन संस्कृति और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के लिए केंद्र सरकार द्वारा ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल लोक तथा बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण इसके प्रमुख उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से देश की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद ३७० की समाप्ति, तीन तलाक की समाप्ति, नागरिकता संशोधन अधिनियम और वक्फ संशोधन जैसे निर्णयों ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि इन निर्णयों से सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ आधार मिला है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने अपने संबोधन में आंध्रप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पोलावरम परियोजना, औद्योगिक शहरों का विकास, नाइट विज़न फैक्ट्री और सेमीकंडक्टर इकाई जैसे प्रयास राज्य को विकास के नए आयाम प्रदान कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रेरणा से ही उत्तराखंड राज्य का निर्माण संभव हुआ। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड शिक्षा, स्वास्थ्य, स्टार्टअप, रोजगार और सुशासन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करना, धर्मांतरण विरोधी कानून और भूमि संरक्षण से जुड़े कठोर निर्णय राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार विकास और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण को समान प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र सेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अटल जी की विरासत देश को सदैव प्रेरित करती रहेगी।






