उत्तराखंड रजत जयंती
उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 9 नवंबर को देहरादून स्थित फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (एफआरआई) में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में प्रदेश को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।
हमारे संवाददाता बताते हैं कि राज्य सरकार ने इस अवसर को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। योजना विभाग द्वारा लगभग 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सूची तैयार की जा रही है, जिनका लोकार्पण और शिलान्यास प्रधानमंत्री करेंगे।
यह कार्यक्रम उत्तराखंड के 25 वर्षों की विकास यात्रा का प्रतीक माना जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान पर्यटन, परिवहन, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी नई योजनाओं की घोषणा की जाएगी।
हमारे संवाददाता जोड़ते हैं कि प्रस्तावित योजनाओं में तीर्थ स्थलों तक नई रोपवे परियोजनाएं, उड़ान योजना के अंतर्गत हेलीपोर्ट, सड़क निर्माण कार्य, ग्रामीण कनेक्टिविटी, और सीमांत क्षेत्रों के विकास से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले दिनों एफआरआई में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा उत्तराखंड के विकास पथ को नई दिशा देगा।
कार्यक्रम में लगभग 25,000 लोग शामिल होंगे, जिनमें पूर्व सैनिक, किसान, महिला समूह और युवा वर्ग शामिल हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस, एसपीजी और स्थानीय प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए हैं। यातायात नियंत्रण और ड्रोन निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित की जाने वाली योजनाओं में औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार, हरित ऊर्जा, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट, किसानों के लिए विशेष पैकेज और सीमांत जिलों के विकास कार्य शामिल होंगे।
हमारे संवाददाता बताते हैं कि यह दौरा न केवल पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव है, बल्कि आने वाले दशकों में उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में एक नया अध्याय भी खोलेगा। कार्यक्रम के दौरान राज्य की 25 वर्ष की यात्रा पर आधारित डिजिटल प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
समारोह के समापन पर रजत जयंती का प्रतीक चिह्न जारी किया जाएगा और प्रदेश को 2047 तक अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प दोहराया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह सौगातें उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। इन योजनाओं का उद्देश्य समावेशी विकास, पारदर्शिता और जनभागीदारी के माध्यम से प्रदेश के हर क्षेत्र को प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाना है।






